बारिश की कमी से 30 फीसदी रबी की फसल तबाह
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में बारिश ना होने के कारण फसलों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। आलम यह है कि 3 माह से वर्षा न होने के कारण सूखे जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जिससे किसानों और बागवानों की चिंता और भी बढ़ गई है। यदि ऐसे ही हालात रहे तो किसानों और बागवानों को भारी नुक्सान उठाना पड़ सकता है।
हिमाचल के उद्यान विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सूखे जैसी स्थिति से निपटने के लिए बागवानी विभाग द्वारा जिला कार्यालयों को दस करोड़ रुपए की धनराशि प्रदान की गई है। किसान तथा बागवान इस धनराशि का उपयोग पौध सामग्री, पानी के टैंक, पाइप्स, दवाइयां और सूक्ष्म पोषक तत्व तथा सूखे से निपटने के लिए आदि आवश्यक सामग्री लाने के लिए कर सकते है।
सूखे से पौधों में बोरोन और कैल्शियम की कमी हो जाती है जिससे फसलें नष्ट हो जाती है। प्रदेश में सूखे के कारण किसानों को रबी की 30 फीसदी फसल का नुक्सान हुआ है। जो किसान कृषि करके ही अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं उन्हें सूखे ने चिंता में डाल दिया है। वहीं सूखे के कारण जमीन में काफी नमी होने के कारण फसलें पीली पड़ गई है।