बाल्द नदी में हो रहे अवैध खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने खोला मोर्चा
नदी में खनन करते ग्रामीणों ने घेरे दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टर
HNN/ बद्दी
प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में अब लोग धड़ल्ले से चल रहे अवैध खनन के खिलाफ खुद आगे आकर मोर्चा खोलने लगे हैं। कोटियां में अवैध खनन का मुददा गूंजने के बाद आज बाल्द नदी में अवैध खनन करते दो दर्जन से अधिक ट्रैक्टरों को ग्रामीणों ने घेर लिया। सूचना के बाद मौके पर कुछ देरी से पहुचीं पुलिस के देरी को आने फायदा उठाते हुए खनन सामग्री से लदे ट्रैक्टर खनन सामग्री को नदी में ही खाली करके मौके से भाग निकले।
रविवार सुबह बाल्द नदी में अवैध खनन करने में जुटे ट्रैक्टरों को ग्रामीणों से घेर लिया। काफी देर तक खनन माफिया और ग्रामीणों के बीच गहमागहमी चलती रही। मौके पर मीडिया टीम भी मौजूद थी। माफिया और ग्रामीणों के बीच हुआ गतिरोध अपने कैमरों में कैद किया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस कुछ देरी से पहुंची जिसका फायदा उठाकर खनन माफिया ने ट्रैक्टरों को नदी में खाली करके मौके से ट्रैक्टरों को भगा लिया।
ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफिया के चलते नदी किनारे उनकी जमीनें बाल्द की भेंट चढ़ रही है। अगर किसी के पास नदी की लीज भी है तो वह नदी में खनन कार्य को करे। लेकिन माफिया द्वारा को लोगों की जमीनों को नोचा जा रहा है। लोगों ने दो टूक कहा कि अब किसी भी कीमत पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उधर, इस बाबत डीएसपी बद्दी प्रियंक गुप्ता का कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। बाल्द नदी की कुछ लोगों के पास लीज भी है जिसके चलते यहां विवाद है। इस मामले में खनन विभाग को आगे आकर जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस को अपने स्तर पर अवैध खनन को रोकने के लिए दिन रात प्रयासरत है। किसी भी कीमत पर खनन माफिया को सिर उठाने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन विभाग और अन्य विभागों को भी पुलिस की इस मुहिम में साथ देना होगा और लोगों को भी अब आगे आना होगा।