बिजली महादेव के गुर पर भालू ने किया जानलेवा हमला, अस्पताल में भर्ती
HNN/ कुल्लू
देवभूमि कुल्लू में भालू का आतंक थम नहीं रहा है। गत दिनों जहां मलाणा में एक किशोर को भालू ने घायल कर दिया था। तो वहीं अब कुल्लू के साथ लगते शिल्हा गांव में भालू ने देवता के गुर को ही नोच डाला। घायल गुर कुल्लू के अधिष्ठाता देवता बिजली महादेव का है।
बताया जा रहा है कि देवता का गुर धनी राम सुबह के समय अपने खेत में कुछ काम करने गया था, जहां पर घात लगाए भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में गुर धनीराम बुरी तरह से घायल हो गया है।
घायल अवस्था में गुर को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया है और यहां उपचार चल रहा है। उधर पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जहां भालू ने गुर पर हमला किया वहां से स्कूल का भी रास्ता है।
अब लोग भय में हैं कि उनके बच्चों को कहीं कुछ हो न जाए। उधर चतानी पंचायत के प्रधान शेर सिंह ने जिला प्रशासन व विभाग से मांग की है कि क्षेत्र के लोगों को भालू के भय से बचाया जाए।