बुजुर्ग महिला के सिर पर डंडे से हमला कर किया घायल, मामला दर्ज
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू में सैंज घाटी की धाउगी पंचायत के शियाउगी गांव में एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता बुजुर्ग महिला की पहचान 64 वर्षीय तुलजू देवी पत्नी तोता राम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 5 जनवरी की सुबह करीब 8:00 बजे ऊझी घाटी का रहने वाला एक व्यक्ति सेब के बगीचों में कटिंग के लिए सैंज आया है।
इसी दौरान वह व्यक्ति पीड़िता के घर आया और तुलजू देवी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में तुलजू देवी खून से लथपथ होकर बेहोश हो गई। तभी जब अपनी पत्नी का बचाव करने उसका पति आया तो आरोपी ने उसे भी डराया धमकाया। जिसके बाद घायल महिला को उपचार के लिए सैंज अस्पताल ले जाया गया।
जिसके बाद महिला ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा महिला को मेडिकल करवाने के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया।