बेटी ने अपनी माँ पर प्रेस से किया जानलेवा हमला, लड़की मौके से फरार
HNN/ ऊना
जिला ऊना से सटे एक गांव की 17 वर्षीय युवती ने अपनी माँ पर प्रेस से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे महिला बेहोश हो गई। वहीं इस वारदात को अंजाम देने के बाद युवती घर से फरार हो गई है।
पीड़िता महिला ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायतकर्ता के आधार पर पुलिस नाबालिग लड़की की तलाश में जुट गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उसकी बेटी ऊना के एक कंप्यूटर सेंटर में जाती है। जिसके बाद परिजनों ने एक दिन पहले अपनी बेटी के पास एक फोन देखा, जिसके बारे में घरवालों को कुछ पता नहीं था।
जब परिजनों ने इस बारे में बेटी से पूछताछ की तो बेटी ने मां के हाथ से मोबाइल छीना और खुद को एक कमरे में बंद कर दिया।
जिसके बाद महिला ने अपनी बेटी को कंप्यूटर सेंटर जाने से मना किया तो बेटी ने महिला पर प्रेस से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले से महिला बेहोश हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद युवती घर से फरार हो गई है। महिला ने पुलिस में अज्ञात व्यक्ति पर बेटी को बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में केस दर्ज किया है। मामले की पुष्टि एडिशनल एसपी संजीव भाटिया ने की है।