Loading...

बैंक ग्राहकों को 2 दिन झेलनी पड़ सकती है भारी परेशानियां, हड़ताल का फैसला…

PRIYANKA THAKUR • 13 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / शिमला

हिमाचल प्रदेश में बैंक ग्राहकों को इस महीने 2 दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वेतन वृद्धि और बैंकों में पांच कार्य दिवस सहित अन्य मांगों को लेकर बैंक कर्मी 30 और 31 जनवरी को हड़ताल पर जाने की तैयारी में है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन (यूएफ बीयू) ने गुरुवार को मुंबई में बैठक के दौरान 30 और 31 जनवरी को हड़ताल का फैसला लिया।

बता दे कि यूएफबीयू देश के अधिकतर बैंक कर्मियों और अधिकारियों की यूनियनों का प्रतिनिधित्व करती है। उधर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर एसोसिएशन के उप महासचिव नरेंद्र चौहान ने बताया कि यूएफ बीयू बैंक कर्मियों के लिए सप्ताह में पांच कार्य दिवस, पेंशन अपडेशन, एनपीएस खत्म करने, वेतन वृद्धि, कर्मचारियों की नई भर्ती और मांग पत्र पर तुरंत चर्चा की मांग कर रही है, लेकिन इसे लेकर आईबीए का रवैया नकारात्मक है।

जिसको लेकर देश भर के सभी सरकारी बैंकों के कर्मचारी 30 और 31 जनवरी को हड़ताल पर रहेंगे। ऐसे में ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।