Loading...

बैल्ट का फंदा बनाकर 24 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, जाँच में जुटी पुलिस

Ankita • 23 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

राजधानी शिमला के लोअर कुफ्टाधार में एक युवक ने आत्महत्या कर मौत हो गले से लगाया है। हालांकि युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान, 24 वर्षीय रोहित शिलाई निवासी जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकरी के मुताबिक, रोहित लोअर कुफ्टाधार में किराए के कमरे में अपने भाई के साथ रहता था। उसका भाई कुछ दिनों के लिए गांव गया हुआ था। रोहित ने इस वारदात को तब अंजाम दिया जब वह कमरे में अकेला था। जब उसके पड़ोसी कुछ काम से उसके कमरे में आए तो दरवाजा अंदर से बंद था। जिसके बाद उन्होंने अन्य पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा और अंदर जाकर देखा कि रोहित फंदे से लटका हुआ था।

यह देखकर सभी के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने इस बाबत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक सिटी रमेश शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी हुई है।