बैल की टक्कर से खाई में गिरी 30 वर्षीय महिला, दर्दनाक मौत

By Ankita Published: 18 May 2023, 11:15 AM | Updated: 18 May 2023, 11:15 AM 1 min read

खेतों में मक्की की बिजाई करते समय पेश आया हादसा

HNN/ चंबा

जिला चंबा के साहो क्षेत्र की प्रौथा पंचायत में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां खेतों में मक्की की बिजाई करते समय बैल ने महिला को टक्कर मार दी। बैल की टक्कर से महिला गहरी खाई में जा गिरी। जिस कारण उसकी मौत हो गई है।

मृतका महिला की पहचान 30 वर्षीय पिंकी पत्नी प्रकाश निवासी गांव थुलेली के तौर पर हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, पिंकी अपने पति व बच्चों के साथ खेतों में मक्की की बिजाई कर रही थी। इस दौरान खेत की जुताई में लगाए बैल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बैल की टक्कर से महिला गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला गंभीर रूप से जख्मी हुई।

घटना के बाद उसके परिजनों द्वारा उसे उपचार के लिए तुरंत साहो अस्पताल ले जाया गया, यहां प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला को मेडिकल काॅलेज एवं अस्पताल चंबा रैफर कर दिया, परन्तु तब तक उसकी मौत हो गई थी। मामले की पुष्टि चंबा सदर थाना प्रभारी संजीव चौधरी ने की है।