ब्यास आरती का भव्य आयोजन 26 फरवरी को पंचवक्त्र मंदिर में, उपायुक्त ने जनभागीदारी की अपील की
Himachalnow / मंडी
मंडी, 24 फरवरी – अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2025 के तहत इस वर्ष पंचवक्त्र मंदिर के समीप भव्य ब्यास आरती का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त एवं महोत्सव समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन ने मंडी वासियों से इस पावन आरती में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने के लिए इस बार आरती को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
काशी से आएंगे पुजारी, विधिपूर्वक होगी पूजा
उपायुक्त ने बताया कि इस आरती को विधिवत संपन्न करने के लिए काशी से पांच पुजारियों को आमंत्रित किया गया है। ब्यास आरती के साथ-साथ पंचवक्त्र मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्तजन भाग ले सकेंगे।
हर घर से एक दिया लाने का आह्वान
शहरवासियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने घर से एक-एक दिया लेकर इस आयोजन में शामिल हों और शिवरात्रि की संध्या को पंचवक्त्र मंदिर में रौशन करें। उपायुक्त ने कहा कि दीपोत्सव के रूप में इस आयोजन को जनभागीदारी के साथ भव्य रूप दिया जाएगा।
सामाजिक संस्थाओं से सहयोग की अपील
मंडी शहर की सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं को विशेष निमंत्रण दिया जा रहा है, ताकि वे भी इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करें।
शहर को रौशन करने की अपील
उपायुक्त ने व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों से भी अपने घरों और प्रतिष्ठानों को रोशनी से सजाने की अपील की। पंचवक्त्र मंदिर को भी एलईडी लाइट्स से सजाया जाएगा, और इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी।