Loading...

‘सतगुरु नानक प्रगटिया, मिटी धुंध जग चानण होआ’ से निहाल हुआ नाहन

Shailesh Saini • 15 Mins Ago • 1 Min Read

दशमेश अस्थान नाहन साहिब में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया 557वां प्रकाश पर्व, पंज प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन

सतनाम वाहेगुरु के जयकारों, गुरबाणी की अमृतमयी स्वरलहरियों और सेवा व समर्पण के अद्भुत संगम के साथ ऐतिहासिक शहर नाहन मंगलवार को गुरुमय हो उठा। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान नाहन साहिब में बड़ी श्रद्धा, आस्था और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के लिए साध संगत का तांता लगा रहा।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार को आरंभ हुए श्री अखंड पाठ साहिब का मंगलवार को विधिवत भोग डाला गया। गुरुद्वारा साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई लक्ष्मण सिंह द्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश किया गया। वहीं, पांवटा साहिब से पहुंचे रागी जत्थे ने गुरबाणी और शबद कीर्तन से साध संगत को निहाल किया।

इस पावन अवसर पर पंज प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पावन सवारी के साथ शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर गुरु घर की खुशियां प्राप्त कीं। सतनाम वाहेगुरु और धन-धन श्री गुरु नानक देव जी के जयकारों से समूचा शहर गूंज उठा।

नगर कीर्तन के दौरान सिख नौजवानों ने पारंपरिक युद्धकला गतका के माध्यम से शौर्य और वीरता से भरपूर हैरतअंगेज करतब दिखाए। वहीं, महिला जत्थे ने गुरु साहिब की पावन सवारी के आगे मार्ग की सफाई कर निःस्वार्थ सेवा और समर्पण की मिसाल पेश की।

गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार अमृत शाह सहित गुरु सेवक सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार अवतार सिंह, सरदार अवकाश सिंह, सरदार प्रताप सिंह, सरदार सुरजीत सिंह तथा अन्य सेवादारों ने तमाम व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं देकर गुरु दरबार में हाजिरी भरी।

इस अवसर पर गुरु का अटूट लंगर भी बरताया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक ही पंगत में बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया। जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अमीरी-गरीबी के भेदभाव से परे गुरु के लंगर की परंपरा ने सामाजिक समानता और मानवता का प्रेरणाप्रद संदेश दिया।

श्री गुरु नानक देव जी के ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ के सिद्धांतों ने इस पूरे आयोजन को मानवता, आपसी भाईचारे और निःस्वार्थ सेवा के उत्सव में बदल दिया। प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक नगरी नाहन में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता की भी खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।