Loading...

भारत की विरासत और आधुनिक विकास से प्रेरणा ले रही दुनिया : राज्यपाल

Shailesh Saini • 24 Mins Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का विधिवत समापन, राज्यपाल कविंद्र गुप्त ने देवभूमि से दिलाए पांच संकल्प

हिमाचल नाऊ न्यूज श्री रेणुका जी

भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक शक्ति और आधुनिक विकास आज पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत बन रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘विकास भी, विरासत भी’ का मूलमंत्र विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। यह बात हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्त ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए कही। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

राज्यपाल ने कहा कि माता श्री रेणुका जी और भगवान परशुराम का पावन मिलन मातृ प्रेम, त्याग, भक्ति और भारतीय पारिवारिक मूल्यों का अद्भुत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक व्यवहार में भी दिखाई देना चाहिए। शिक्षा, विज्ञान, राजनीति, प्रशासन और उद्यमिता में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका बढ़ाने की आवश्यकता है।

राज्यपाल ने हिमाचल में धार्मिक पर्यटन को आर्थिक समृद्धि का बड़ा आधार बताते हुए कहा कि श्री रेणुका जी जैसे धार्मिक स्थलों को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण पर्यटन केंद्रों के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

उन्होंने युवा पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ सनातन संस्कारों से जोड़ने तथा प्रदेश की प्राचीन देव परंपराओं, लोक संस्कृति और धार्मिक धरोहरों के डिजिटल संरक्षण पर बल दिया।नशे के बढ़ते प्रचलन पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने इसके विरुद्ध जन आंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।

उन्होंने श्री रेणुका जी की पावन धरा से सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नशामुक्त हिमाचल, नारी सम्मान एवं सशक्तीकरण, स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में सहभागिता के पांच संकल्प लेने का आह्वान किया।

इससे पूर्व राज्यपाल ने माता श्री रेणुका जी और भगवान परशुराम मंदिर में माथा टेका तथा पारंपरिक देव विदाई शोभायात्रा में भाग लिया। उन्होंने प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों को सम्मानित किया।

श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने राज्यपाल का स्वागत किया, जबकि उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समापन समारोह के उपरांत राज्यपाल ने श्री रेणुका जी झील की परिक्रमा की तथा चिड़ियाघर में बंगाल टाइगर का भी दीदार किया।