पठानकोट हाईवे पर पलटा सेना का ट्रक, 21 वर्षीय युवक की मौत
HNN/ चंबा
जिला चंबा में भरमौर पठानकोट हाईवे पर सेना का ट्रक पलटने से सड़क पर चल रहे एक युवक की मौत होने का मामला सामने आया है, जबकि एक अन्य युवक घायल हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
ऐसा बताया जा रहा है कि यह हादसा ट्रक की ब्रेक फेल होने से पेश आया है। मृतक की पहचान अभय कुमार (21) पुत्र रण सिंह निवासी ढुढियारा डलहौजी के रूप में हुई है। हादसे में नवीन कुमार (19) पुत्र हरबंस लाल घायल है।
वहीं दूसरी और मृतक के परिजन आरोप लगा रहे है कि सेना के ट्रक ने विपरीत दिशा में आकर युवकों को टक्कर मारी है और अब सेना के जवान ब्रेक फेल होने का दावा कर रहे है। हादसे के बाद गुस्साई लोगों की भीड़ ने सेना के ट्रक को घेर लिया और हाईवे पर चक्का जाम कर दिया।
इस वजह से सड़क पर वाहनों की लाइनें लग गईं। सुबह 8:50 बजे हादसा हुआ और 11:20 पर जाम खोला गया। करीब ढाई घंटे हाईवे पर वाहनों के पहिये थमे रहे। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आवाजाही बहाल करवाई। डीएसपी हेमंत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।