भनारा के जंगल में भड़की आग, वन संपदा को हुआ नुकसान
HNN/कुल्लू
जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली के अंतर्गत जगतसुख में एक आगजनी की घटना पेश आई है। यहां भनारा का जंगल आग की भेंट चढ़ गया। आगजनी में वन संपदा को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि अग्निशमन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया था।
जानकारी के मुताबिक, भनारा के जंगल में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आग लोगों के बगीचों तक पहुंच गई। इससे सेब के लगभग 25 पेड़ झुलस गए। आग से भनारा के छापे राम के 10 और सेना देवी के 15 पेड़ों को नुकसान हुआ।
जिसके बाद अग्निकांड की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निशमन विभाग ने लगभग 20,000 रुपये के नुकसान का आकलन किया है। वहीं राजस्व विभाग के कर्मचारी नुकसान का आकलन करने में जुटे हुए हैं।