भराणू में हुआ भीषण अग्निकांड, 2 मकान जलकर राख
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में नेरवा तहसील के अंतर्गत भराणू गांव में एक अग्निकांड पेश आया है। यहां लकड़ी के 2 मकान जलकर राख हो गए। हालांकि ग्रामीणों ने आग बुझाने के काफी प्रयास किए। लेकिन तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान जलकर राख हो गए। जानकारी के मुताबिक, भराणू बाजार में स्थित जगदीश के मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई।
देखते ही देखते आग ने साथ लगते मोहन सिंह के मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में जगदीश पुत्र भगत राम निवासी भराणू का 4 कमरों तथा एक रसोईघर वाला दो मंजिला मकान व मोहन सिंह पुत्र गणेश चंद निवासी गांव तुंगाली, डाकघर भराणू, तहसील नेरवा का 2 कमरों और एक रसोईघर वाला मकान जलकर राख हो गया।
वहीं एक मकान के निचले हिस्से में एक ढाबा भी था जोकि सामान सहित पूरा जल गया है। इसके अलावा 40 से 45 मुर्गियां भी जिंदा जल गई हैं। हालांकि अग्निशमन विभाग को अग्निकांड की सूचना दी गई थी। लेकिन जब तक विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची, तब तक दोनों मकान जलकर राख हो चुके थे। गनीमत यह रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और समय रहते आग पर काबू पा लेने से साथ लगते अन्य मकान भी आग की चपेट में आने से बच गए।