भाजपा की विधानसभा को घेरने की तैयारी, सिरमौर से 1500 कार्यकर्ता जाएंगे शिमला
नारी शक्ति वंदन विधेयक को विनय गुप्ता ने बताया ऐतिहासिक बिल बोले देश की राजनीति में महिलाओं को 33 फ़ीसदी हिस्सेदारी
HNN/नाहन
प्रदेश विधानसभा के घेराव को लेकर भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बाबत एक प्रेस वार्ता के माध्यम से जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि जिला सिरमौर से 1500 भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदेश भाजपा के आह्वान पर शिमला में अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे।
उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को विधानसभा घेराव को लेकर सिरमौर भाजपा पूरी तरह से तैयार है। विनय गुप्ता ने कहा कि 9 महीने बीत चुके हैं, कांग्रेस ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर व्यवस्थाओं को ही बंद करके रख दिया है। पूर्व में रही जयराम सरकार के द्वारा जनता की मांग पर स्कूल, कॉलेज, तहसील, पटवार खाने, दवा खाने आदि खोले गए थे। मगर कांग्रेस ने ऐसी व्यवस्था परिवर्तन करी कि जनता के हितों पर ही चाबुक चला दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब हर तरह से परेशान हो चुकी है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार से जनता का मोह भंग हो चुका है। बावजूद इसके कांग्रेस सरकार बार-बार जनता की मांग को नजरअंदाज भी कर रही है। ऐसे में भाजपा के द्वारा संसद का घेराव कर कांग्रेस के सोए हुए और खोए हुए जमीर को जगाने की कोशिश की जाएगी।
वहीं जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रजातंत्र में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए नारी शक्ति वंदन विधायक एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने बताया यह ऐतिहासिक बिल देश की 33 फ़ीसदी महिलाओं को देश की राजनीति में आरक्षण सुनिश्चित करेगा।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश तथा जिला सिरमौर भाजपा की ओर से नारी शक्ति के लिए किए गए इस सम्मान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। विनय गुप्ता ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के हर वर्ग को उन्नति की ओर दो कदम आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
आज देश में हर वर्ग को समान अवसर देकर केंद्र की मोदी सरकार ने अपने वायदे को निभाया है। विनय गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में निश्चित ही देश और प्रदेश की जनता एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाह रही है।