आपदा की घड़ी में प्रदेश सरकार और प्रशासन जनता के साथ, धैर्य रखें, नियमानुसार राहत राशि दी जाएगी
HNN/ नाहन
प्रदेश के अन्य जिलों की तरह ही भारी बरसात ने सिरमौर जिला में भी भयंकर तबाही मचाई है। सड़कों, पुलों, पेयजल योजनाओं, बिजली, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य तथा अन्य क्षेत्रों में भारी नुक्सान हुआ है। जिला में अभी तक 255 करोड़ रुपए से अधिक के नुक्सान का आकलन किया गया है। आवश्यक सेवाओं को बहाल करने के जिला में हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिता पेयजल, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की तुरंत बहाली के साथ प्रभावित लोगों को राहत एवं पुनर्वास है।
सभी विभाग मुस्तैदी के साथ जिला में अपने-अपने विभाग की सेवाओं को पटरी पर लाने के प्रयास कर रहे हैं। उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि सिरमौर जिला में 26 जून से 20 जुलाई 2023 के बीच हुई भारी वर्षा से 255 करोड़ रुपए से अधिक के नुक्सान का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक नुक्सान सड़कों, पेयजल योजनाओं और बिजली आपूर्ति ढांचे के साथ कृषि क्षेत्र का हुआ है। उन्होंने बताया कि जिला में लोक निर्माण विभाग की राज्य सड़कों का नुक्सान 114 करोड़ आंका गया है।
इसी प्रकार राष्ट्रीय उच्च मार्ग की सड़कों को 3.73 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि जिला में कई सड़कें अभी भी अवरूद्ध हैं जिन्हें विभाग द्वारा बहाल किया जा रहा है। सुमित खिमटा ने कहा कि जिला में पेयजल योजनाओं के ढांचे को भी भारी नुक्सान पहुंचा है जिससे पेयजल वितरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। विभाग पेयजल योजनाओं की बहाली के लिए मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिला में 88.99 करोड़ रुपए से अधिक का नुक्सान पेयजल योजनाओं को आंका गया है।
इसी प्रकार जिला में बिजली आपूर्ति के ढांचे को भी बहुत नुक्सान हुआ हैं, जिसमें 6.50 करोड़ रुपए से अधिक का नुकसान बिजली क्षेत्र में आंका गया है। उपायुक्त ने बताया कि जिला में कृषि विभाग को 29.33 करोड़ से अधिक, उद्यान विभाग को 1.36 करोड़़ रुपए , पशुपालन विभाग को 41.20 लाख रुपए, स्वास्थ्य विभाग को 17 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। इसी प्रकार जिला में 7.66 करोड़ रुपए सामुदायिक संपत्तियों का नुक्सान हुआ है।
जिला में शिक्षा विभाग को करीब 28 लाख रुपए का नुक्सान आंका गया है। उन्होंने बताया कि जिला में चार लोगों के पक्का मकान क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट है, जिसके नुक्सान का आकलन 18.80 लाख रुपए किया गया है। इसी प्रकार 14 लोगों के कच्चे मकान गिरने की सूचना हैं जिन्हें 5.32 लाख रुपए के नुक्सान की रिपोर्ट है। जिला में 57 लोगों के मकानों को आंशिक नुक्सान की रिपोर्ट प्राप्त हुई है जिसका नुक्सान 1.31 करोड़ रुपए होने का अनुमान है। इसी प्रकार जिला में दो दुकानों को नुक्सान होने की सूचना मिली है जिन्हें 15.50 लाख रुपए का नुक्सान होने की सूचना है।
इसी प्रकार जिला में 57 गऊशालाओं को करीब 9.36 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान है। उन्होंने बताया कि जिला में 2.95 लाख रुपए का पशु धन का नुक्सान आंका गया है। सुमित खिमटा ने कहा कि भारी बरसात के कारण जिला में सात लोगों की मृत्यु तथा 14 लोगों के घायल होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। उपायुक्त ने बताया कि जिला में अभी तक 1.28 लाख रुपए की धनराशि अंतरिम राहत के रूप में प्रभावित परिवारों को उपलब्ध करवाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप प्रभावित परिवारों को मुआवजा और राहत राशि प्रदान करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया जारी है।

