भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित, मनाली-लेह सहित यह मार्ग बंद…
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ियों पर एक बार फिर से बर्फबारी का क्रम शुरू हो गया है जिससे जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हो गया है। पहाड़ों पर बिछी बर्फ की सफेद चादर के चलते लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। एक तरफ जहां सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है तो वहीं दूसरी तरफ बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप हो गए हैं।
राजधानी शिमला सहित पर्यटन नगरी मनाली और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी का दौर लगातार जारी है। भारी बर्फबारी के चलते मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिसलन बढ़ गई है जिससे यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। दारचा-शिंकुला मार्ग भी सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद है।
इसके अलावा पांगी-किलाड़, काजा-ग्राफू एनएच, ठियोग-चौपाल मार्ग, नारकंडा के पास ठियोग-रामपुर मार्ग, नारकंडा के पास ठियोग-रामपुर मार्ग बाधित हुआ है। वहीं भारी बर्फबारी के चलते पुलिस प्रशासन ने लोगों सहित पर्यटकों से एहतियात बरतने की अपील की है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर रुख न करने की सलाह दी गई है।