मंडी की तरुणा कमल ने यूपीएससी की परीक्षा में पाया 203वां रैंक
HNN/मंडी
मंडी जिला की बल्ह घाटी में रत्ती से संबंध रखने वाली तरुणा कमल ने यूपीएससी की परीक्षा पास कर 203 रैंक हासिल किया है। तरुणा कमल ने रत्ती स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल से 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की थी। उसके बाद चौधरी सरवण कुमार कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर से वैटर्नरी डॉक्टर की परीक्षा पास की है।
तरुणा कमल ने बताया कि सफलता का एकमात्र रास्ता परिश्रम है और सफलता के लिए कोई शॉर्टकट नहीं है। पिता अनिल कुमार व माता नोरमा देवी ने बताया कि उनकी बेटी शुरू से ही पढ़ाई में व्यस्त रहती थीं और उसे पढ़ाई के अलावा कोई और काम नजर नहीं आता था। तरुणा कमल की एक और बहन यामिनी तथा भाई साहिल कमल वैटर्नरी में डिप्लोमा किए हुए हैं।
बता दें कि तरुणा कमल के पिता अनिल कुमार नगर परिषद नेरचौक में सफाई ठेकेदार हैं। पिता अनिल ने बताया कि तरुणा कमल ने जैसे ही वैटर्नरी चिकित्सा पास की वह यूपीएससी की तैयारी करने में लग गई थी और अभी साल भर से वह चंडीगढ़ में ही थी। आज वह अपने घर वापस आ जाएगी।