Loading...

मंडी: वन विभाग ने पकड़ी अवैध देवदार लकड़ी से भरी जीप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 17 Feb 2025 Edited 17 Feb 1 min read

Himachalnow / मंडी

मंडी में अवैध लकड़ी जब्त , वन विभाग ने आरोपी को किया गिरफ्तार , 30 स्लीपर जब्त

मंडी जिले के छडयांद में वन विभाग की टीम ने रविवार देर रात अवैध रूप से देवदार की लकड़ी ले जा रही एक जीप को पकड़ा। जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपये आंकी गई है। विभाग की टीम ने चालक को पुलिस के हवाले कर दिया और उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम व भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है।

नाका पर पकड़ी गई संदिग्ध जीप

वन विभाग की टीम ने कांढ़ा क्षेत्र में रविवार रात 10 बजे नाका लगाया था। इस दौरान वन खंड अधिकारी सुरेश कुमार, वन रक्षक सुनील कुमार (बस्सी व हलिनू बीट), राज कुमार (देवधार बीट), रूप चंद (कोटलू बीट) और चौकीदार मदन लाल (वन विश्राम गृह धरोटधार) मौजूद थे।

करीब रात 12:50 बजे एचपी-33बी-1557 नंबर की जीप बगस्याड से केलोधार की ओर आते देखी गई। टीम ने जब वाहन को रोकने का संकेत दिया तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पीछा कर केलोधार में गाड़ी को पकड़ लिया।

बिना दस्तावेजों के ले जाई जा रही थी लकड़ी

जब गाड़ी की जांच की गई, तो उसमें देवदार के 30 स्लीपर पाए गए। चालक के पास लकड़ी के वैध दस्तावेज नहीं थे, और इनमें सरकारी हम्बर मार्किंग भी नहीं थी, जो वैध लकड़ी की पहचान होती है।

चालक की पहचान गुलशन कुमार (निवासी गांव सुराह, डाकघर शिकावरी, तहसील थुनाग, जिला मंडी) के रूप में हुई। डीएफओ नाचन सुरेंद्र कश्यप ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गोहर थाने में मामला दर्ज किया गया है। वन विभाग लगातार अवैध लकड़ी तस्करी के मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग नियमित रूप से गश्त और नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहा है।