निर्माण कार्य 70 प्रतिशत पूर्ण, 200 करोड़ की लागत से बन रहा अत्याधुनिक ट्रॉमा व मातृ-शिशु विंग………….
सोलन
निर्माण कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए निर्देश
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन के कथेड़ में निर्माणाधीन अत्याधुनिक बहुउद्देशीय अस्पताल, तृतीय स्तरीय ट्रॉमा सेंटर और मातृ एवं शिशु अस्पताल विंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
200 बिस्तर की आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा
डॉ. शांडिल ने बताया कि 200 बिस्तरों वाले इस बहुउद्देशीय अस्पताल में आधुनिक बहु-विशेषज्ञ सेवाओं के साथ क्रिटिकल केयर सेंटर भी स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त यहां 50 बिस्तरों की पृथक मातृ एवं शिशु विंग का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और नवजात शिशुओं को विशेष सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल के निर्माण पर लगभग 200 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं तथा अब तक 70 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
धनराशि की नहीं आने दी जाएगी कमी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह अस्पताल समूचे क्षेत्र की जीवन रेखा साबित होगा और लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस परियोजना के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा भी इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का भी किया निरीक्षण
डॉ. शांडिल ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का भी दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों और पैरामेडिकल कर्मियों से संवाद कर आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मी बहुमूल्य मानव जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम सोलन के पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, कांग्रेस नेता संधीरा सिंह शीनू, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बैरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





