मंडी में आग ने मचाया कहर, 6 परिवार हुए बेघर, 2 गायों की जिंदा जलने से मौत
HNN/ मंडी
जिला मंडी की चौहारघाटी के हुरंग गांव में आग ने जमकर कहर मचाया है। इस अग्निकांड में 6 परिवार बेघर हो गए हैं। इसके अलावा दो दुधारू गाय जिंदा जल गई, जिस कारण उनकी मौत हो गई है। हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपए का नुक्सान होना आंका गया है।
जानकारी के मुताबिक, रामकृष्ण, रामलाल, ईश्वरदास, राजू राम, राम सिंह और कलीराम के रिहायशी मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सारे मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। जबकि राजूराम और ईश्वरदास की दो गायों की मौत हो गई है।
ग्रामीणों और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर पांच-पांच हजार रुपए, तिरपाल, कंबल और राशन सामग्री उपलब्ध करवाई गई है। डीएसपी पधर संजीव सूद ने घटना की पुष्टि की है।