मंडी व धर्मशाला में बंद साइबर थाने बहाल, सीएम सुक्खू ने किया ऐलान
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी और धर्मशाला में बंद साइबर थाने को बहाल करने का ऐलान किया है। सत्तासीन होने के बाद सुक्खू सरकार ने मंडी मंडी और धर्मशाला में खोले गए दो नए साइबर पुलिस थाने को बंद कर दिया था। दोनों थानों को पिछली सरकार के कार्यकाल के अंत में खोला गया था। अब फिर से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इन दोनों साइबर थाने को बहाल करने का ऐलान किया है।
राज्य सरकार के प्रधान सचिव गृह ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। प्रदेश में अब तीन साइबर थाने होंगे। इनमें से दक्षिण रेंज में साइबर पुलिस थाना शिमला में पहले से ही है। इसके तहत शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर और बद्दी साइबर पुलिस स्टेशन होंगे। उत्तरी रेंज साइबर पुलिस थाना धर्मशाला में होगा। इसके तहत कांगड़ा, ऊना, चंबा और नुरपूर जिले आएंगे। इसी तरह से मध्य रेंज में साइबर पुलिस थाना मंडी में होगा।
इसके तहत मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर, कुल्लू और लाहौल स्पीति जिले आएंगे। इन तीनों थानों का मुख्यालय राज्य आपराधिक जांच विभाग के तहत शिमला में ही रहेगा। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम अपराध मामलों में नोडल एजेंसी के रूप में काम करेगा। संबंधित अपराध की निगरानी और पर्यवेक्षण करेगा।
इन साइबर पुलिस थानों में नवीनतम तकनीक हार्डवेयर, साफ्टवेयर और प्रशिक्षण का उपयोग सुनिश्चित करेगा। उल्लेखनीय है कि मंडी और धर्मशाला में साइबर थानों के बंद करने का मामला प्रमुखता से उठाया था।