मंदिर से लाखों के गहने लेकर फरार हुआ शातिर, मामला दर्ज
HNN/ कांगड़ा
जिला कांगड़ा में एक चोरी की वारदात पेश आई है, यहां शातिर एक मंदिर से लाखों रुपए के गहने लेकर फरार हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मामला पालमपुर के नए बस स्टैंड के समीप पालमपुर-धर्मशाला वाया नगरी रोड पर स्थित जय चंडी माता मंदिर का है।
करीब 12 से 15 साल की उम्र का एक चोर जूते बाहर उतार कर हाथ में एक थैला लेकर मंदिर में घुसा और माता के मंदिर में रखे सारे गहने चोरी करके ले गया। साथ ही यह चोर दो से तीन हजार की नकदी भी ले गया।
इन गहनों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। चोरी की सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पालमपुर के थाना प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मंदिर का जायजा ले लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।