मकान गिरने से मलबे में दबी वृद्ध महिला, मौत, बेटा जख्मी
HNN/ हमीरपुर
जिला हमीरपुर में उपमंडल भोरंज के तहत लज्याणी गांव में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक मकान गिर गया, जिस कारण एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। इसके अलावा एक बेटा जख्मी हुआ है। मृतका की पहचान ब्राह्मी देवी पत्नी शंकर दास (75 ) और घायल बेटे की पहचान राकेश कुमार (45) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, लज्याणी गांव में एक मकान जमींदोज हो गया। जिसमें ब्राह्मी देवी और उसका बेटा राकेश मकान के मलबे में दब गए। मकान के गिरने की सूचना मिलते ही सारे गांव वासी इकट्ठे हो गए और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। ग्रामीणों को शीघ्र ही राकेश दिख गया, उसका सिर मलबे से बाहर निकला हुआ था।
ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसके करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ब्राह्मी देवी को भी मलबे से बेसुध अवस्था में बाहर निकाला गया। ग्रामीण महिला को सिविल अस्पताल भोरंज ले आए, जहां पर महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।