मनीष गर्ग ने नवनिर्मित ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का किया लोकार्पण
HNN/सोलन
मुख्य निर्वाचन अधिकारी हिमाचल प्रदेश मनीष गर्ग ने आज सोलन में 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. वेयरहाउस का लोकार्पण किया। इसका शिलान्यास मार्च, 2021 में किया गया था।
मनीष गर्ग ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में ई.वी.एम. वेयरहाउस स्थापित किए जा रहे हैं ताकि विशिष्ट मापदण्डों के साथ ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को एक साथ एक स्थान पर सुरक्षित भंडारण किया सके। इससे न केवल मशीनों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से पूरा करने में भी सुविधा प्रदान होगी।
उन्होंने कहा कि पहले ई.वी.एम. और वी.वी.पैट. मशीनों को राजकीय महाविद्यालयों या स्कूल परिसरों में रखा जाता था और इस स्थिति में इन मशीनों के लिए सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्था करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षण संस्थानों के कमरों का लम्बे समय तक उपयोग होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती थी।