मवेशियों के लिए चारा लेने गई महिला के साथ पेश आया दर्दनाक हादसा..
HNN/ मंडी
मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की दुर्गम चौहारघाटी में मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई महिला के साथ दर्दनाक हादसा पेश आया है। इस दौरान महिला 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई जिस कारण उसकी मौत हो गई। वहीं महिला की मौत से समूचे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक महिला की पहचान चौहारघाटी की बल्ह टिक्कर पंचायत के सरणी गांव की चंद्रामणि (39) पत्नी हरि सिंह के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल की तरफ गई थी लेकिन वापस घर नहीं लौटी। देर तक भी जब महिला घर नहीं पहुंची तो परिजनों को उसकी चिंता हुई। परिजन महिला को ढूंढने के लिए जंगल की तरफ निकले कि तभी उनकी नजर खाई में पड़ी जहां पर महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई थी।
उधर, मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि खाई में गिरने से एक महिला की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जोनल अस्पताल मंडी में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।