माँ नयनादेवी के दरबार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 30,000 के करीब…
HNN / बिलासपुर
विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी जी में रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते श्रद्धालु भारी संख्या में मां के दर्शन करने पहुंचे। रविवार को माँ के दरबार में करीब 30,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती देख मां का दरबार सुबह चार बजे ही खोल दिया गया।
माँ के दरबार में पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य प्रदेशों से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने पहुंचे। उधर, मंदिर न्यास अध्यक्ष राजकुमार ठाकुर ने बताया कि श्रद्धालुओं की हर सुविधा का ख्याल रखा जा रहा है। मदद के लिए जगह-जगह सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।