Loading...

मां मनसा देवी मंदिर के दरबार में उल्लास व सादगी के साथ मनाया मेला 

Ankita 17 Apr 2024 Edited 17 Apr 1 min read

पराड़ा के अभिषेक ने जीता माली का खिताब, कैथल के बिजेंद्र को दूसरा पुरस्कार

HNN/ नाहन

जनपद सिरमौर के सैनधार इलाके की नहर सवार पंचायत के कैंथघाट (मानरिया) में मां मनसा देवी मंदिर परिसर में दुर्गा अष्टमी पर आयोजित मेला भारी श्रद्धा, उल्लास और सादगी के साथ मनाया गया। इस मेले में दूरदराज क्षेत्रों से भी श्रद्धालु भारी संख्या में पहुंचे, जहां मंदिर में शीश नवाने के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी भरपूर लुत्फ उठाया।

इस दौरान मेले में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रही। मेले में हुई कुश्ती स्पर्धा में पहलवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसमें छोटे-बड़े सभी पहलवानों ने अपने दांवपेंच आजमाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। माली का खिताब पराड़ा के अभिषेक के नाम रहा, जबकि कैथल के बिजेंद्र को दूसरा पुरस्कार मिला।

वहीं, महिलाओं की खेलकूद में रस्साकशी प्रतियोगिता में चार महिला मंडलों ने भाग लिया, जिसमें महिला मंडल मानरिया, गी जगियाना, मजोटली और दाऊ महिला मंडलों की महिलाएं मौजूद रही। इस स्पर्धा में दाऊ को पहले पुरस्कार से नवाजा गया।

दूसरे स्थान पर मजोटली का महिला मंडल रहा। म्यूजिकल चेयर में मतलाना की ममता देवी ने पहला, कोट की सरोज शर्मा को दूसरा पुरस्कार मिला। मटका तोड़ प्रतियोगिता में जगियाना की ऊषा ठाकुर, मानरिया की निर्मला शर्मा और श्री रेणुकाजी की नीलम शर्मा अव्वल रही।

बता दें कि इस बार मेला कमेटी ने महिलाओं ने लिए विशेष तौर पर खेलकूद स्पर्धाओं का आयोजन किया था। कमेटी के प्रधान सुरेश शर्मा ने बताया कि मां मनसा देवी के दरबार में हर साल दुर्गा अष्टमी पर मेले का आयोजन किया जाता है।

इस बार भी ये मेला बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार के साथ समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।