माजरा में अपहरण मामले को लेकर तनाव, पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल, एसपी ने मौके पर संभाली स्थिति
पांवटा साहिब
10 दिन से लापता युवती की बरामदगी न होने पर भड़का गुस्सा, हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन, इलाके में तैनात हुआ अतिरिक्त पुलिस बल
अपहरण के बाद आरोप विशेष समुदाय के युवक पर
पांवटा साहिब के माजरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब 10 दिन पहले लापता हुई युवती की अब तक बरामदगी न होने पर हिंदूवादी संगठनों ने चक्का जाम किया। आरोप है कि युवती को विशेष समुदाय का युवक बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है।
हिंसक हुआ प्रदर्शन, दोनों पक्षों में हुआ पथराव
प्रदर्शन के दौरान जैसे ही भीड़ युवक के घर की ओर बढ़ी, तो दूसरी तरफ से पथराव शुरू हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें तीन पुलिस कर्मियों समेत दर्जनभर लोग घायल हो गए। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
मौके पर पहुंचे एसपी, विधायक और भाजपा अध्यक्ष
स्थिति बिगड़ती देख एसपी सिरमौर निश्चिंत नेगी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि युवती को जल्द बरामद कर परिजनों को सौंपा जाएगा। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पांवटा विधायक सुखराम चौधरी भी पहुंचे। वहीं एसडीएम गुंजित सिंह चीमा और डीएसपी मानवेन्द्र सिंह ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस पर ढिलाई के आरोप, पहले भी हो चुके हैं प्रदर्शन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपी को बचाने की कोशिश हो रही है। इससे पहले भी दो दिन पहले प्रदर्शन हुआ था, जिसमें पुलिस ने दो दिन में युवती की बरामदगी का भरोसा दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर शुक्रवार को दोबारा विरोध भड़का।