माता वैष्णों देवी मंदिर की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे हिमाचल के शक्तिपीठ- डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री बोले- शक्तिपीठों के सौंदर्यीकरण के लिए बनाए जाएंगे मास्टर प्लान
HNN/ शिमला
हिमाचल के शक्तिपीठ माता वैष्णों देवी मंदिर की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे। सदन में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शक्तिपीठों के सौंदर्यीकरण के लिए मास्टर प्लान बनाए जाएंगे। टुकड़ों में कोई काम नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि वैष्णों देवी मंदिर सुविधाओं के लिए जाना जाता है। हम भी प्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं के लिए हर सुविधा मुहैया करवाएंगे।
प्रदेश के जिन मंदिरों में पूजा नहीं हो रही है, वहां पुजारियों की व्यवस्था की जाएगी। कांग्रेस विधायक सुदर्शन सिंह ने चिंतपूर्णी मंदिर का मामला उठाया था।
इस पर मुकेश ने कहा कि हिमाचल के मंदिर देश भर में श्रद्धा केंद्र हैं। चिंतपूर्णी, नयनादेवी, बज्रेश्वरी, चामुंडा देवी, ज्वाला जी सहित बाबा बालक नाथ मंदिर, बगलामुखी मंदिर और अन्य बड़े मंदिरों के लिए मास्टर प्लान बनाए जाएंगे।
सरकार के अधीन वाले मंदिरों के लिए पानी और सीवरेज की डीपीआर बनाने का काम शुरू हो गया है। चिंतपूर्णी मंदिर के लिए सात करोड़ का बजट दिया है।
पांच करोड़ भूमि अधिग्रहण पर खर्च हो गए हैं। दुकानों पर 1.86 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। चिंतपूर्णी का भव्य मंदिर व भवन बनाया जाएगा।
चिंतपूर्णी में सीवरेज सिस्टम के लिए 16 करोड़ दिए गए हैं। साथ लगती पंचायतों को भी कवर किया जा रहा है। पीने के पानी के लिए 12.24 करोड़ की योजना पर काम हो रहा है। म्यूजियम के लिए 11.21 करोड़ मंजूर कर दिए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने प्रसाद योजना में 45 करोड़ देने थे, लेकिन यह राशि अभी तक जारी नहीं हुई है। केंद्र के समक्ष इस मामले को उठाया जाएगा। मुबारिकपुर से मंदिर तक सड़क को भी दुरुस्त किया जाएगा।