मुख्यमंत्री सुक्खू का आरोप : भाजपा ने पीएम मोदी को गुमराह किया
HNN/शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुमराह किया है और हिमाचल प्रदेश के लिए 23,000 करोड़ रुपये की धनराशि नहीं दी है। उन्होंने कहा कि यह राशि प्राकृतिक आपदा, नई पेंशन योजना और भाखड़ा बांध प्रबंधन बोर्ड से संबंधित है। सुक्खू ने कहा कि यदि केंद्र सरकार यह राशि जारी कर दे तो हिमाचल आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को शीघ्र हासिल करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बोर्डों और निगमों में केवल 14 अध्यक्षों और उपाध्यक्षों की नियुक्ति की है, जबकि पिछली भाजपा सरकार के दौरान 56 नियुक्तियां की गई थीं। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों के कर्मियों को महीने की 5 तारीख को वेतन मिल रहा है और किसी भी कर्मचारी का वेतन भुगतान नहीं रुका है।
सुक्खू ने कहा कि सरकार ने 1.36 लाख सरकारी कर्मचारियों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल की है और पात्र महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं। सरकार चरणबद्ध तरीके से सभी विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर शिक्षा प्रणाली में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है।