मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा एलान : मर्ज स्कूलों के मिड-डे मील कर्मियों की सेवाएं
HNN/शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि सरकारी स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा देने के लिए मर्ज स्कूलों के मिड-डे मील कर्मियों की सेवाएं समाप्त नहीं की जाएंगी, बल्कि उन्हें समीपवर्ती स्कूलों में समायोजित किया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में गुणात्मक शिक्षा के लिए सरकार राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) का पुनर्गठन करेगी। इसके अलावा, सरकार शिक्षकों का ज्ञानवर्धन करने व विश्वस्तरीय शिक्षण पद्धतियों की जानकारी के लिए विदेशों में शिक्षण भ्रमण करवाएगी।
सरकार खेल गतिविधियों को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए सभी स्कूलों को शारीरिक व्यायाम के लिए हर दिन कम से कम 15 मिनट समर्पित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, सरकार शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए भी शिक्षण भ्रमण कार्यक्रम करवाएगी।