मुख्यमंत्री सुक्खू के स्वास्थ्य में सुधार, मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई
HNN/शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई है और चेकअप के बाद देर रात वह आईजीएमसी अस्पताल से अपने सरकारी आवास ओक ओवर लौट गए। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य बेहतर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें आईजीएमसी लाया गया था। आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड के कमरा नम्बर-630 में मुख्यमंत्री को कुछ समय के लिए भर्ती किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। उनकी छाती का एक्सरे लिया गया। इसके अलावा इको टेस्ट भी हुआ। आईजीएमसी द्वारा जारी हैल्थ बुलेटिन के मुताबिक़ मुख्यमंत्री के इन दोनों टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई है।
चार दिन पहले भी शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर मुख्यमंत्री चेकअप के लिए आईजीएमसी आये थे। तब डॉक्टरों ने उनके टेस्ट लिये थे, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई थी। डॉक्टर ने उनका अल्ट्रासाउंड और अन्य रूटिंग के टेस्ट करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी थी और आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद से मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास में आराम कर रहे थे।