Loading...

मेले, उत्सव एवं त्यौहार हमारी सभ्यता के परिचायक- डॉ. शांडिल

PARUL • 29 Oct 2023 • 1 Min Read

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजैंस के पाठ्यक्रम किए जा रहे आरंभ

HNN/सोलन

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा श्रम एवं रोज़गार मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव एवं त्यौहार हमारी सभ्यता के परिचायक हैं। डॉ. शांडिल सोलन विकास खंड की ग्राम पंचायत सलोगड़ा में आयोजित तीन दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर देव मेला के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय ब्रिजेश्वर देव मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की कामना की।

डॉ. शांडिल ने कहा कि भविष्य का सुखद आधार इतिहास से निर्मित होता है और संस्कृति का संरक्षण इतिहास की जानकारी में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने समृद्ध इतिहास, विविध संस्कृति और परंपराओं की जानकारी प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं का सदैव सम्मान करें ताकि भावी पीढ़ी इनसे सीख सके।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ-साथ हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को सदैव सहेज कर रखना है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि कुश्ती, कबड्डी और ठोडा जैसे पारंपरिक खेलों का नियमित अभ्यास करें। डॉ. शांडिल ने कहा प्रदेश सरकार युवाओं को समय की मांग के अनुसार बेहतर व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है।

औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में ड्रोन तकनीक सहित आर्टिफिशियल इटेंलीजैंस के पाठ्यक्रम आरंभ किए जा रहे हैं। यह पाठ्यक्रम न केवल युवाओं को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार करेंगे अपितु स्वरोज़गार के भी बेहतर अवसर प्रदान करेंगे। सोलन ज़िला के चिन्हित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में भी यह पाठ्यत्त्म आरंभ किए जाएंगे।

डॉ. शांडिल ने कहा कि क्षेत्र की सभी विकास संबंधी मांगों को चरणबद्ध आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन सलोगड़ा के निर्माण की औपचारिकताएं पूर्ण होने पर 5 लाख रुपए की राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने मेला समिति को अपनी एच्छिक निधि से 11,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर कुशती और ठोडा खेल का आयोजन भी किया गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गीता राम महाजन ने इस अवसर पर डॉ. शांडिल को आपदा राहत कोष के लिए अपनी और से 21,000 रुपए का चैक भेंट किया।