Loading...

मेले व उत्सव हमारी प्राचीन संस्कृति को दर्शाने में निभाते हैं अहम भूमिका- हर्षवर्धन चौहान

PARUL • 2 Oct 2023 • 1 Min Read

HNN/सोलन

उद्योग, संसदीय कार्य तथा आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि हिमाचल की विविध लोक संस्कृति एवं परंपराओं ने प्रदेश को देश में एक अलग पहचान दी है। हर्षवर्धन चैहान सोलन जिला के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में 19वें हिमाचल उत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित रहे थे। उन्होंने कहा कि मेले व उत्सव हमारी प्राचीन संस्कृति को दर्शाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे उत्सव युवा पीढ़ी को अपनी धरोधर को समझने और उसे संजोए रखने में सहायत सिद्ध होते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि अपनी संस्कृति को समझें और उसके संरक्षण में सहयोगी बनें। हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल उत्सव के सफल आयोजन के लिए डायनामिक इंडिया युवा मंडल को शुभकामनाएं दी और इसके शुभारंभ पर उन्हें बधाई भी प्रेषित की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश को प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ा है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में राज्य आपदा से सफलतापूर्वक निपटने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रभावितों के लिए राहत पैकेज का निर्णय उनके कुशल नेतृत्व का एक अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने आशा जताई कि सभी के सहयोग से हिमाचल पुनः प्रगति पथ पर अग्रसर होगा। इस अवसर पर प्रसिद्ध हिमाचली कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।