Loading...

मौसम में बदलाव से वायरल बुखार के बढ़े मरीज, अस्पतालों में लगी लाइने

SAPNA THAKUR • 16 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

बदलते मौसम के कारण जिला में खांसी, जुकाम व वायरल के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सरकारी अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी इन बीमारियों के मरीजों की भीड़ नजर आ रही है। बच्चों में भी बढ़ रहे वायरल बुखार व खांसी-जुकाम को लेकर अभिभावकों की परेशानियां भी बढ़ गई है।

जोनल अस्पताल में आम ओपीडी 800 के स्थान पर 1,000 हो गई है जबकि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भी ओपीडी 1,000 से 1,100 हो गई है। मरीजों में सर्दी, खांसी, बुखार गले में दर्द, खराश, सीने में दर्द, जलन, ठंडी लगने, सिर और बदन में दर्द, जोड़ों में दर्द, कमजोरी, भूख न लगने उल्टी-दस्त और डायरिया की भी शिकायत है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेंद्र ने कहा कि इन दिनों बदलते मौसम के चलते वायरल, खांसी और जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बदलते मौसम में बढ़ रही मौसमी बीमारियों को लेकर लोगों को जागरुक करते हुए उन्होंने कहा कि मौसमी बुखार में भूखे ना रहे, बीच-बीच में आहार लेते रहें। शरीर में यदि रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो तो बीमारियों से ठीक होने में अधिक समय नहीं लगता।