युवक के सिर पर डंडे से किया वार, नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बनकला पंचायत में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हुई है। वहीं इस मारपीट में एक युवक के सिर पर डंडे से वार किया गया है। जिस कारण वह बुरी तरह से घायल हो गया। घायल युवक को नाहन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहां उसका उपचार जारी है। वहीं इस बाबत पुलिस को भी शिकायत दी गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस 2023 के अंतर्गत धारा 126 (2) व 115 (2) के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित युवक की बहन ने बताया कि रविवार रात उनके घर पर मेहमान आए हुए थे। इस दौरान उसका भाई अक्षय कुमार बाइक लेकर जा रहा था।
महिला ने बताया कि उनके पड़ोसी राजन ने पहले अक्षय के साथ बहसबाजी की। इसके बाद हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान अक्षय अपनी बाइक से नीचे गिर गया। इसके बाद राजन के बेटे तरुण ने अक्षय के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिस कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घायल युवक का नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
