बस का हॉर्न बजाने पर चालक को नीचे खींचकर डंडे से हमला, कंडक्टर का कैश बैग छीनने का भी आरोप
पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना में बस चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। चालक का आरोप है कि मोड़ पर हॉर्न बजाने के बाद एक बुजुर्ग ने बस रुकवाकर उसे नीचे खींच लिया, जिसके बाद दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि चालक के सिर पर डंडे से वार करने के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की गई और कंडक्टर को धक्का देकर उसका कैश बैग भी छीन लिया गया।
सिरमौर/पांवटा साहिब
टारु भैला जा रही थी बस
आगरों निवासी धनवीर सिंह ने पुलिस थाना पुरुवाला में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह सुबह पांवटा साहिब बस स्टैंड से बस नंबर HP71-2608 लेकर टारु भैला के लिए निकला था। सुबह करीब 8:20 बजे बस हरिपुर टोहाना पहुंची। शिकायतकर्ता के मुताबिक वहां मोड़ होने के कारण उसने हॉर्न बजाया। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक घर से एक बुजुर्ग व्यक्ति बाहर आया और सड़क पर पहुंचकर बस रुकवा दी।
बस से नीचे खींचकर मारपीट का आरोप
बस चालक का आरोप है कि बुजुर्ग ने बस की खिड़की खोलकर उसे नीचे खींच लिया। इसी दौरान उसी घर की तरफ से दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इनमें से एक ने हाथ में लिए डंडे से चालक के सिर पर वार किया। शिकायत के अनुसार अन्य लोगों ने चालक के साथ लात-मुक्कों से मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी। चालक ने आरोप लगाया है कि दोनों युवकों ने बस कंडक्टर को भी धक्के मारे और उसका कैश वाला बैग छीन लिया।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में आरोपियों की पहचान अख्तर अली, दिलशाद और संजय खान के रूप में हुई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना पुरुवाला में तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने चालक की शिकायत में लगाए गए आरोपों को लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगामी कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।