युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत
HNN/ बिलासपुर
जिला बिलासपुर के घुमारवीं उपमंडल में एक युवक ने खुद को गोली मार कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। ऐसा बताया जा रहा है कि यह युवक पहले भी आत्महत्या का प्रयास कर चुका है। 15 दिन पहले ही इसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या की कोशिश की थी। मृतक की पहचान मनोहर, पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र पाल गांव नसवाल के तौर पर हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आज सुबह 5 बजे उसने खुद को गोली मार ली। मृतक की पत्नी के अनुसार, जब वह सुबह रोजमर्रा के काम में लगी थी तभी अचानक उसे अपने कमरे से गोली चलने की आवाज आई।
उसने तुरंत कमरे की ओर जा कर देखा तो उसके पति ने खुद को सीने के पास गोली मार ली थी। रंजना के मुताबिक उसने एकदम से बंदूक बाहर फेंक दी। गोली की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे, लेकिन मनोहर दम तोड़ चुका था। स्थानीय पंचायत प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मनोहर अपने पीछे दो बच्चे ,पत्नी और माँ को छोड़ गया है। उसकी बेटी नौवीं और बेटा छटी कक्षा में पढ़ता है। वही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस उप अधीक्षक चन्द्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि की है।