Loading...

लाहौल-स्पीति की डीसी किरण भड़ाना के पिता पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या, क्रशर विवाद में गई जान

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भरतपुर के भौंडा गांव में क्रशर प्लांट दोबारा शुरू करने को लेकर हुआ विवाद, जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम; मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया शोक

हिमाचल नाऊ न्यूज लाहौल-स्पीति

राजस्थान के भरतपुर जिले में क्रशर प्लांट से जुड़े विवाद के दौरान हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता एवं राजस्थान के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की मौत हो गई। प्रारंभिक मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 11 अक्टूबर की शाम भौंडा गांव में करीब एक साल से बंद पड़े क्रशर प्लांट को दोबारा शुरू करने को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट और पथराव में अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लाहौल-स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना सोमवार सुबह केलांग से राजस्थान के लिए रवाना हो गईं। पूर्व विधायक के निधन की खबर से हिमाचल प्रदेश के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।

क्रशर प्लांट शुरू करने को लेकर बढ़ा विवाद

प्राप्त मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अतर सिंह भड़ाना 11 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े छह बजे भरतपुर जिले के वैर थाना क्षेत्र के भौंडा गांव स्थित अपने क्रशर प्लांट पर पहुंचे थे। करीब एक साल से बंद पड़े प्लांट को दोबारा शुरू करने की कोशिश के दौरान ग्रामीणों और भड़ाना पक्ष के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

इस घटना में अतर सिंह भड़ाना के साथ मौजूद गगन शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों घायलों को पहले वैर उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर अतर सिंह भड़ाना को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर किया गया। जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार के दौरान अतर सिंह भड़ाना ने दम तोड़ दिया।

पत्नी ने पुलिस-प्रशासन पर लगाए आरोप

पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने पुलिस और प्रशासन पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, क्रशर की लीज का कनेक्शन काट दिया गया था और वाटर पंप भी खराब कर दिया गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लीज पर जाने वाले लोगों को वहां से भगाया जा रहा था। परिवार का कहना है कि विवाद की जानकारी होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनने पर पुलिस बल तैनात किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस का विस्तृत आधिकारिक पक्ष, आरोपियों की पहचान और जांच की स्थिति की पुष्टि होना अभी बाकी है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया गहरा दुख

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने उपायुक्त किरण भड़ाना के पिता एवं पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

विधायक अनुराधा राणा सहित लाहौल-स्पीति के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने भी अतर सिंह भड़ाना के निधन पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं। इस दुखद घटना से उपायुक्त किरण भड़ाना के परिवार पर शोक का पहाड़ टूट पड़ा है।