युवक ने पंखे से फंदा लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ बिलासपुर
पुलिस थाना तलाई के तहत एक युवक ने पंखे से फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया है। मामला कोटधार क्षेत्र की ग्राम पंचायत जेजवी के गांव सिल्वी का है। यहाँ गांव सिल्वी निवासी विवेक कुमार ने घर पर ही पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजन जब युवक के कमरे में गए तो देखा कि दरवाजा अंदर से बंद था।
काफी खटखटाने के बाद भी जब युवक ने दरवाजा नहीं खोला तो किसी अनहोनी के अंदेशे के चलते दरवाजा तोड़ना पड़ा। दरवाजा तोड़कर जब परिवार के सदस्य अंदर गए तो उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि युवक पंखे से फंदा लगाकर लटका हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची और मृतक के शव को फंदे से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि विवेक रात को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने के लिए चला गया था तथा सुबह उसका शव पंखे से लटका हुआ मिला।
उधर, डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।