युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
HNN/ चंबा
जिला चंबा में एक युवक ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किया है। वहीं पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। बता दें आरोपी को चंबा की अदालत में पेश किया गया था जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस को दिए गए बयान में पीड़िता ने बताया कि उसकी उस युवक से काफी समय पहले फोन पर ही बातचीत हुई थी। पीड़िता ने बताया कि जब वह दोनों दोस्त बने तो युवक ने उससे शादी करने की बात कही। जिसके बाद युवती आरोपी की बातों में आ गई।
इसके बाद युवक युवती को अपने घर ले आया और वहां उसके साथ तीन-चार दिन तक दुष्कर्म करता रहा। बाद में जब पीड़िता ने युवक से शादी करने के लिए कहा तो आरोपी युवक बात को टालता रहा और बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया।
जिसके बाद पीड़ित युवती ने आरोपी के खिलाफ इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई। वहीं पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।