युवक ने 17 वर्षीय नाबालिग से किया दुष्कर्म, मामला दर्ज
HNN/ऊना
जिला ऊना के उपमंडल अंब में डरावने विडियो को दिखाकर 17 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। युवक ने नाबालिग की अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल की है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को बताया कि वह किराए की दुकान में सिलाई का काम करती है। उसकी 17 वर्षीय बेटी भी दुकान पर उसका हाथ बंटाती है। उसने बताया कि दुकान के आस-पास एक युवक भी काम करता था, जिसके चलते उसकी बेटी से जान पहचान हो गई। इस दौरान जब महिला दुकान पर मौजूद नहीं थी तो युवक ने उसकी बेटी को डरावने विडियो को दिखाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
महिला ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से आरोपी युवक ने बंदूकों की तस्वीरें दिखाकर व चाकू आदि दिखाकर, डरा-धमकाकर व प्रताड़ित करके गलत काम किया और अलग-अलग किश्तों में हजारों रुपये भी बेटी से लिए हैं। इतना ही नहीं आरोपी ने गलत काम करते हुए फोटो भी ली थी। जब बेटी ने युवक को जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने से रोका, तो उसने धमकियां दीं कि वह उसका बहुत बुरा अंजाम करेगा।
शनिवार को पता चला कि आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम पर उसकी बेटी अश्लील फोटो डाल दी हैं। साथ ही अपने दोस्तों को भेजी है और धमकियां दे रहा है कि उसके पास कई फोटो व विडियो हैं, जिन्हें वह बारी-बारी सोशल मीडिया पर डालता रहेगा। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अंब वसूधा सूद ने मामले की पुष्टि की है।