युवा कांग्रेस नवनिर्वाचित अध्यक्ष पर जालसाजी का आरोप, मामला दर्ज
Himachalnow / शिमला
जन्मतिथि में हेरफेर के आरोप में मामला दर्ज, जांच शुरू
हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में सबसे अधिक वोट हासिल करने वाले प्रत्याशी छत्तर सिंह विवादों में घिर गए हैं। पांवटा साहिब पुलिस थाने में उनके खिलाफ दस्तावेजों में छेड़छाड़ और जन्मतिथि बदलने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि छत्तर सिंह ने अपनी जन्मतिथि 20-08-1988 से बदलकर 20-08-1989 कर दी ताकि वह युवा कांग्रेस की आयु सीमा (18 से 35 वर्ष) के भीतर रह सकें। शिकायत में पंचायत परिवार नकल प्रमाण पत्र और 10वीं के प्रमाण पत्र का हवाला देते हुए कहा गया है कि उनकी वास्तविक जन्मतिथि 20-08-1988 है।
एएसपी पांवटा साहिब अदिति सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, सिरमौर के सीएमओ अजय पाठक ने कहा कि मीडिया के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कानूनी सलाह लेकर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि युवा कांग्रेस के नियमों के तहत सबसे अधिक वोट पाने वाले प्रत्याशी को अध्यक्ष बनाया जाता है। हालांकि, छत्तर सिंह अभी आधिकारिक रूप से अध्यक्ष नहीं बने हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और दोष सिद्ध होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।