यूथ क्लब जोल ने एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का किया आयोजन
प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने लिया हिस्सा
HNN/ ऊना/वीरेंद्र बन्याल
चिन्तपुर्णी विधानसभा एवं उप तहसील जोल में यूथ क्लब जोल की ओर से एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर महालक्ष्मी इंडस्ट्री अम्बेहडा के उद्योगपति एवं समाजसेवी योगराज जोगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उनके साथ पुलिस चौकी जोल प्रभारी रविपाल शर्मा, आचार्य शिवकुमार शास्त्री व प्रिंसिपल चुरडू राकेश शर्मा विशेष अतिथि के रूप से उपस्थित रहे। फाइनल मैच देर रात खालसा क्लब चक्कसरायं और किंग सैवन पंजाब के बीच खेला गया।
मैच के समापन अवसर पर महालक्ष्मी इंडस्ट्री के उद्योगपति एवं समाजसेवी योगराज जोगी ने विजेता व उपजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। प्रथम विजेता खालसा क्लब चक्सराएं टीम को 11000 रुपए व उपविजेता किंग सैबन पंजाब टीम को 8100 रुपए की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
वहीं बेस्ट डिफेंडर मिथुन व बेस्ट रैडर सतनाम सिंह को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि योगराज जोगी ने खिलाड़ियों से हार जीत से निराश नहीं होकर आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि कबड्डी में शारीरिक एवं मानसिक संतुलन से विजय हासिल होती है।
उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से आपसी भाईचारा व सद्भाव बढ़ता है। युवाओं को शिक्षा के साथ खेलों में भी रुचि लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विजेता टीम को शुभकामनाएं दी तथा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों का आभार जताया।
यूथ क्लब जोल द्वारा प्रतियोगिता को सफल बनाने में रोहित लठ, मोहित शर्मा, अभी शर्मा, नरेश शर्मा,साहिल शर्मा, अनुकूल लठ, अनिकेत लठ, बृजेश शर्मा, दिनेश भारद्वाज, संदीप शर्मा, साहिल ठाकुर आदि का सहयोग रहा।