रफ्तार पकड़ने लगा पर्यटन कारोबार, साेलंगनाला में उमड़े सैलानी
HNN / कुल्लू
बर्फ का दीदार करने और शीतकालीन खेलों का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक सोलंगनाला की ओर रवाना हो रहे हैं। वाहनों की संख्या अधिक होने और बर्फ में वाहनों के फिसलने के कारण जगह-जगह यातायात बाधित हो रहा है। सोमवार को सभी प्रकार के वाहन सोलंगनाला तक भेजे गए। इससे आगे अटल टनल के साउथ पोर्टल तक सिर्फ फोर बाई फोर में ही पर्यटकों को जाने की अनुमति दी गई।
मनाली में जनवरी में पर्यटकों की अच्छी भीड़ जुटी। मनाली से लेकर सोलंगनाला तक ट्रैफिक जाम लग रहा है। बर्फबारी से सैलानियों और पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं और पर्यटन कारोबार रफ्तार पकड़ने लगा है। सोलंगनाला में पर्यटकों ने स्कीइंग, स्नो ट्यूब, स्नो स्कूटर, घुड़सवारी, माउंटेन बाइक जैसी शीतकालीन खेलों का जमकर लुत्फ लिया। इस बार फरवरी में भी पर्यटन कारोबार बेहतर रहने की उम्मीद है।
पलचान से आगे सोलंगनाला तक के दायरे में कई वाहन बर्फ में फिसलने के कारण फंस गए। इससे घंटों ट्रैफिक जाम लग गया। नेहरुकुंड से पलचान तक भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली। कैंची मोड़ में भी वाहनों की लाइन लग गई। डीएसपी मनाली हेमराज वर्मा ने बताया कि पर्यटक वाहनों को सोलंगनाला तक जाने दिया जा रहा है, लेकिन बर्फ में कई वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं और जाम लग रहा है।