Loading...

राजगढ़ में पेयजल संकट गहराया, गर्मी से पहले ही हालात बिगड़े

PRIYANKA THAKUR • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Himachalnow / रराजगढ़

राजगढ़ में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है और गर्मी से पहले ही जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। टैंक खाली होने और पाइपलाइन खराबियों के कारण कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बाधित है। समस्या के समाधान में देरी से लोगों में रोष बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में संकट और गहरा सकता है।

राजगढ़

नगर पंचायत राजगढ़ में पेयजल संकट दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले ही जल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।नगर के अधिकांश स्टोर टैंक खाली पड़े हैं और कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नियमित नहीं हो पा रही है। मुख्य कंडा लाइन में लगातार तकनीकी खराबी के कारण आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। हाल ही में हेलीपेड के पास पाइपलाइन टूटने से समस्या और बढ़ गई, जिसके चलते कई इलाकों में पानी पूरी तरह ठप हो गया।

फॉरेस्ट कॉलोनी के पास निचले क्षेत्र में विभाग द्वारा नई पाइपलाइन और स्टोरेज टैंक बनाए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि राजगढ़ में पेयजल समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। विभाग और जनप्रतिनिधियों के दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है।

कुछ समय पहले विभागीय अधिकारियों द्वारा पेयजल समस्या के स्थायी समाधान का दावा किया गया था, लेकिन छह महीने बाद भी हालात में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है।यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले गर्मी के दिनों में संकट और गहरा सकता है।इस संबंध में सहायक अभियंता सिद्धार्थ ने बताया कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा पानी के स्टोर टैंकों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है, जिससे आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि विभाग ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।