राजगढ़-हरिपुरधार रोड पर लैंडस्लाइड से आवाजाही ठप, गंडूरी में फंसी बसें
सिरमौर जिले में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के गंडूरी में राजगढ़-हरिपुरधार रोड पर भूस्खलन के कारण सड़क धंस गई, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
श्री रेणुका जी, सिरमौर
भूस्खलन से बंद हुआ मार्ग
गंडूरी रेस्ट हाउस से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर हुए भारी भूस्खलन से सड़क का आधा हिस्सा टूटकर गिर गया। इससे शिमला, सोलन, राजगढ़ और हरिपुरधार की ओर जाने वाली बसें मौके पर ही फंस गईं।
खतरे के बीच राहत कार्य मुश्किल
जहाँ सड़क टूटी है, उसके ठीक ऊपर विशाल चट्टानें मौजूद हैं, जो कभी भी दरक सकती हैं। इस वजह से लोक निर्माण विभाग मशीनरी का उपयोग करने में असमर्थ है, क्योंकि कार्य करना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है।
विभाग का अलर्ट मोड
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग फुल अलर्ट पर है। जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट्स पर मशीनरी तैनात की गई है। कई स्थानों पर बंद रास्ते खोले जा चुके हैं, लेकिन कुछ जगहों पर लगातार भूस्खलन और भूमि कटाव यातायात बहाल करने में बड़ी बाधा बन रहे हैं।