Loading...

राजधानी शिमला में 4 बजे हुआ मॉक ड्रिल, पूरे शहर में 7:20 से 7:30 तक रहा ब्लैकआउट

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 7 May 2025 • 1 Min Read

शिमला

आपात स्थिति में तैयारी का आकलन, लोगों से मिला सहयोग

राजधानी शिमला में बुधवार शाम 4 बजे हवाई सायरन बजने के साथ ही मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उपायुक्त कार्यालय और संजौली पार्किंग स्थल में इस मॉक ड्रिल के दौरान युद्ध जैसी आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों का अभ्यास किया गया। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित इस मॉक ड्रिल में सिविल डिफेंस के 60 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया और लोगों को जागरूक किया।

मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को किया गया सतर्क
मॉक ड्रिल के तहत 4 बजे सायरन बजाया गया और 10 मिनट के अभ्यास के बाद दूसरा सायरन बजाकर ड्रिल का समापन किया गया। इस दौरान लोगों से संयम बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई।

ब्लैकआउट में पूरे शहर की लाइटें बुझाईं गईं
शाम 7:20 से 7:30 तक पूरे शिमला शहर में ब्लैकआउट रखा गया। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने लोगों से अपील की थी कि वे अपने घरों की लाइटें बंद रखें और सड़कों पर चल रहे वाहन चालक अपने वाहन को साइड में लगाकर लाइट बंद कर दें।

आपात सेवाओं की उपलब्धता का लिया गया जायजा
उपायुक्त ने बैठक में सभी महत्वपूर्ण सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को एक महीने का राशन स्टॉक बनाए रखने और जमाखोरी पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष निर्देश
स्वास्थ्य विभाग को दवाइयों के पर्याप्त स्टॉक और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑपरेशन थिएटर स्टाफ और ब्लड बैंक स्टोरेज की जांच की गई।

सड़क और जल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा
लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील इमारतों की सूची तैयार करने और आपदा के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, जल शक्ति विभाग को पानी के टैंक और फायर हाइड्रेंट की स्थिति जांचने के लिए कहा गया।

विभागीय समन्वय और सतर्कता के निर्देश
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में सभी अधिकारी तत्काल फोन कॉल रिसीव करें और उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।