Loading...

धमुन–हाब्बन सड़क बदहाल, 15 दिन में काम न हुआ तो चक्का जाम की चेतावनी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Feb 2026 • 1 Min Read

राजगढ़ उपमंडल के डिम्मन क्षेत्र में धमुन–हाब्बन सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने विरोध जताया है। 15 दिन में सुधार कार्य शुरू न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी गई है।

राजगढ़

ग्रामीणों ने मंत्री को भेजा ज्ञापन

राजगढ़ उपमंडल के डिम्मन क्षेत्र में धमुन–हाब्बन सड़क की बदहाली को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। दर्जनों ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार राजगढ़ के माध्यम से लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह को ज्ञापन भेजकर सड़क की खस्ताहालत से अवगत कराया और 15 दिन के भीतर काम शुरू न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी है।

अधिशासी अभियंता से भी की मुलाकात

इससे पहले ग्रामीण लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता से भी मिले और सड़क की बदतर स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

1972 में बना मार्ग, अब तक नहीं हुआ पक्का

स्थानीय निवासी कमल शर्मा ने बताया कि धमुन से हाब्बन सड़क का निर्माण वर्ष 1972 में हुआ था, लेकिन 55 वर्षों में सड़क को पक्का नहीं किया गया। प्रतिदिन बसों और छोटे वाहनों की आवाजाही से कच्ची सड़क और अधिक जर्जर हो चुकी है।

बरसात के बाद हालात और बिगड़े

बरसात के बाद हालात और खराब हो गए हैं। कई स्थानों पर दो-दो फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं। कुछ हिस्सों में लगभग 60 डिग्री तक तीखी चढ़ाई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि किसी बस या भारी वाहन का एक्सल या टायर क्षतिग्रस्त हो जाए तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

औपचारिक मरम्मत का आरोप

लोगों ने आरोप लगाया कि बरसात के बाद केवल औपचारिक रूप से मलबा हटाया गया, ताकि वाहन किसी तरह निकल सकें। कुछ समय के लिए तीन-चार मल्टीटास्क कर्मियों को तैनात किया गया था, लेकिन पिछले चार महीनों से उन्हें अन्य स्थानों पर भेज दिया गया है।

सफर में बढ़ा जोखिम

ग्रामीणों ने कहा कि कहीं सड़क में गड्ढे हैं तो कहीं गड्ढों में सड़क नजर आती है। कई जगह सड़क इतनी तंग हो चुकी है कि आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को भी भारी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।

चक्का जाम की चेतावनी

ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत और सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो सनोरा में मुख्य सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके लिए विभाग को पहले ही आगाह कर दिया गया है।